फरीदाबाद में अप्रैल में ही तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। ऐसे में लू, वायरल और डिहाइड्रेशन का खतरा बढ़ गया है। सर्वोदय हॉस्पिटल के डॉ. सुमित अग्रवाल के मुताबिक, बच्चों में सुस्ती, उल्टी, दस्त या पेट दर्द जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत सतर्क हो जाएं। बाहर निकलते समय शरीर को ढककर रखें, खूब पानी पिएं और हल्के सूती कपड़े पहनें।

फरीदाबादः गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल किया

फरीदाबाद में गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। अप्रैल में ही तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। दोपहर के समय घर से बाहर निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर रही हैं। ऐसे मौसम में जरा सी लापरवाही आपको बीमार कर सकती है। खासकर बच्चों का इस भीषण गर्मी में विशेष ध्यान रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि गर्मी का असर उन पर जल्दी होता है।

Local18 से बातचीत में फरीदाबाद के सर्वोदय हॉस्पिटल में डायरेक्टर और हेड, इंटरनल मेडिसिन विभाग के डॉ. सुमित अग्रवाल ने बताया कि बढ़ते तापमान में शरीर को खुद को ढालने के लिए समय चाहिए होता है। अगर कोई व्यक्ति लंबे समय तक ठंडे कमरे या वातानुकूलित वातावरण में रहने के बाद अचानक तेज धूप में निकलता है, तो उसे लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। इसके साथ ही शरीर में पानी की कमी होने पर गर्मी से जुड़ी अन्य समस्याएं भी हो सकती हैं।

डॉ. सुमित अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में लू लगना, गला खराब होना और वायरल संक्रमण होना आम बात है। तापमान में अचानक बदलाव से वायरस तेजी से सक्रिय हो जाते हैं। वहीं, गर्मी में खाना जल्दी खराब हो जाता है, जिससे पेट में संक्रमण, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। पानी कम पीने से मूत्र संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है।

छोटे बच्चों पर दें विशेष ध्यान

डॉ. सुमित अग्रवाल ने बताया कि छोटे बच्चे अपनी परेशानी खुलकर बता नहीं पाते। ऐसे में अगर बच्चा सुस्त दिखाई दे, उसकी खेलने-कूदने में रुचि कम हो जाए, खाना-पीना छोड़ दे, उल्टी या दस्त होने लगें या पेट दर्द की शिकायत करे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ये गर्मी से होने वाली परेशानी के शुरुआती संकेत हो सकते हैं।

बरतें सावधानी

डॉ. सुमित अग्रवाल ने बताया कि जब भी घर से बाहर निकलें, तो शरीर के उन हिस्सों को अच्छी तरह ढककर रखें, जिन पर सीधी धूप पड़ती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें। गर्मियों में हल्के रंग के ढीले और सूती कपड़े पहनना सबसे बेहतर रहता है, ताकि शरीर में हवा का संचार बना रहे।

लू लगने पर क्या करें

डॉ. सुमित अग्रवाल ने बताया कि अगर किसी को लू लग जाए, तो सबसे पहले उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाएं। उसके कपड़े ढीले कर दें, ताकि शरीर का तापमान सामान्य हो सके। समय रहते सही देखभाल और सावधानी बरतकर गर्मी के इस मौसम में खुद को और अपने बच्चों को सुरक्षित रखा जा सकता है।