दय्यान खान
डिजिटल दौर में QR कोड स्कैन करना अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। रेस्तरां में मेन्यू देखने से लेकर ऑनलाइन पेमेंट तक, हर जगह QR कोड का इस्तेमाल तेजी से बढ़ा है। लेकिन पुणे की FC रोड पर सामने आई एक घटना ने डिजिटल प्राइवेसी और पर्सनल डेटा सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस घटना में एक महिला ने आरोप लगाया कि रेस्तरां में QR कोड स्कैन करने के कुछ घंटों बाद उसे स्टाफ की तरफ से निजी मैसेज आने लगे।
QR कोड स्कैन करना कैसे बना परेशानी की वजह?
रिशिका दत्ता नाम की महिला के अनुसार, वह हाल ही में पुणे के एक रेस्तरां में गई थीं। वहां उन्होंने टेबल पर मौजूद QR कोड स्कैन करके मेन्यू देखा और उसी सिस्टम के जरिए ऑर्डर प्लेस किया। यह प्रक्रिया आजकल ज्यादातर रेस्तरां में सामान्य हो चुकी है। लेकिन महिला का दावा है कि उसी रात उनके फोन पर एक अनजान नंबर से मैसेज आने लगे।
महिला के मुताबिक, मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को रेस्तरां का कर्मचारी बताया। सबसे हैरानी वाली बात यह थी कि उन्होंने अपना मोबाइल नंबर सीधे किसी स्टाफ मेंबर के साथ शेयर नहीं किया था। ऐसे में उन्हें शक हुआ कि उनका नंबर रेस्तरां की डिजिटल ऑर्डरिंग सिस्टम से एक्सेस किया गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
रिशिका ने इस पूरी घटना के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद मामला तेजी से वायरल हो गया। इंटरनेट यूजर्स ने इसे कस्टमर प्राइवेसी का गंभीर उल्लंघन बताया। कई लोगों ने कहा कि डिजिटल सुविधाओं के नाम पर ग्राहकों की निजी जानकारी कितनी आसानी से गलत हाथों में पहुंच सकती है, यह घटना उसका बड़ा उदाहरण है।
सोशल मीडिया पर कई महिलाओं ने भी अपनी चिंता जाहिर की। लोगों का कहना था कि QR मेन्यू, डिजिटल पेमेंट और लॉयल्टी प्रोग्राम जैसी सुविधाओं के जरिए अक्सर ग्राहकों का मोबाइल नंबर और निजी जानकारी सिस्टम में सेव हो जाती है, जिसका गलत इस्तेमाल होने का खतरा बना रहता है।
रेस्तरां ने क्या कहा?
मामला वायरल होने के बाद संबंधित रेस्तरां ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी। रेस्तरां की ओर से जारी बयान में कहा गया कि घटना सामने आते ही तुरंत कार्रवाई की गई और संबंधित कर्मचारी को नौकरी से हटा दिया गया।
रेस्तरां ने कहा, “हमें इस घटना पर खेद है। ग्राहक की सुरक्षा और प्राइवेसी हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। हमने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की है और अपनी आंतरिक प्रक्रियाओं की समीक्षा भी शुरू कर दी है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।”
डेटा प्राइवेसी और महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना के बाद एक बार फिर डिजिटल डेटा सुरक्षा और महिलाओं की प्राइवेसी को लेकर बहस तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि सुविधा के लिए साझा की जाने वाली निजी जानकारी कई बार गलत हाथों में पहुंच सकती है, जिससे लोगों को असुरक्षित महसूस होता है।
विशेष रूप से महिलाओं के लिए इस तरह की घटनाएं चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही हैं, क्योंकि एक सामान्य आउटिंग भी अचानक डरावना अनुभव बन सकती है। सोशल मीडिया यूजर्स अब लोगों से सतर्क रहने और अपनी निजी जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।
https://www.instagram.com/reel/DYPSCkMP_7x/?igsh=Y3FuZW5oNWppOXk0
