Monsoon Update: भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से देश के अलग-अलग हिस्सों में आगे बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों के भीतर ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के बाकी इलाकों में मानसून दस्तक दे सकता है। वहीं उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है, जिससे तापमान में गिरावट और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

इन राज्यों में होगी मानसून की नई एंट्री

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और पूर्वोत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों तक पहुंच चुका है। अब अगले 2 से 3 दिनों में ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के शेष इलाकों में इसके पहुंचने की संभावना है। IMD ने केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं भी देखने को मिल सकती हैं।

पहाड़ी राज्यों और उत्तर भारत में बदलेगा मौसम

पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के मौसम में भी बदलाव देखने को मिलेगा। 9 से 14 जून के बीच इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 11 और 12 जून को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश और धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे तापमान में कमी आने की उम्मीद है।

बिहार-यूपी को कब मिलेगी राहत?

उत्तर प्रदेश और बिहार के लोगों को भी जल्द ही भीषण गर्मी से राहत मिलने वाली है। IMD के अनुसार यूपी में 10 जून से बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जबकि बिहार में पटना, भागलपुर, सिवान, मुंगेर समेत कई जिलों में 10 जून के बाद मध्यम बारिश होने की संभावना है। झारखंड और गंगा के आसपास के क्षेत्रों में भी 10 से 15 जून के बीच तेज आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। वहीं दिल्ली में 10 जून तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन 11 जून के बाद मौसम में बदलाव के साथ पारे में गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।