जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव से पूछा गया कि वे नीतीश कुमार को कितने नंबर देंगे। इस पर उन्होंने कहा कि वे नीतीश कुमार को 10 में से 9 नंबर देते हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार के राज्य में करीब दो दशक के शासनकाल का अंत हो गया और प्रदेश में एक नए सियासी युग की शुरुआत हो गई है। एबीपी न्यूज से खास बातचीत के दौरान जब तेज प्रताप यादव से यही सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि वे नीतीश कुमार को 10 में से 9 नंबर देते हैं।

उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार को 9 नंबर इसलिए दे रहे हैं क्योंकि वे हमारे पिताजी लालू प्रसाद यादव के साथ राजनीति में काम कर चुके हैं। वे हमारे चाचा के समान हैं। वे काफी सीनियर हैं और हम लोग अभी बच्चे हैं।”

जब उनसे पूछा गया कि आपकी माताजी को हटाकर ही नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे, तो इस सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा, “राजनीति में ऐसी बातें चलती रहती हैं कि किसने किसे हटाया या नहीं हटाया। लेकिन व्यक्तिगत संबंध सबके साथ बने रहते हैं।”

तेज प्रताप यादव ने बताई नीतीश कुमार की खूबी

जब उनसे पूछा गया कि नीतीश कुमार की सबसे खास बात क्या रही, तो तेज प्रताप ने कहा, “नीतीश कुमार काम करने के दौरान न्यूट्रल रहे और अपनी जिम्मेदारियों को निभाया

सबसे अच्छी बात यह है कि वे अपने पेट को सहलाते हैं, जो मुझे बहुत अच्छा लगता है।”

14 अप्रैल 2026 को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद बीजेपी नेता सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाया गया। नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री रहने के दौरान सम्राट चौधरी डिप्टी सीएम थे।

नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे, जिसके कुछ दिन बाद उन्होंने एमएलसी पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद 14 अप्रैल को उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया और 15 अप्रैल को सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

आरजेडी से निकाले जाने के बाद तेज प्रताप यादव ने अपनी नई पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ बनाई। उन्होंने सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे नीतीश कुमार के अधूरे कामों को पूरा करेंगे और युवाओं को रोजगार देंगे।