गुजरात के वडोदरा से चोरी की एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक हाई-प्रोफाइल ज्वेलरी शोरूम में ग्राहक बनकर पहुंची महिला ने लाखों रुपये के गहने चुराने की कथित कोशिश की। महिला ने चोरी के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसे देखकर शोरूम स्टाफ भी हैरान रह गया। आरोप है कि उसने सोने-हीरे की ईयररिंग्स और एक कीमती अंगूठी को चुपके से अपने मुंह में छिपा लिया, लेकिन उसकी चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।

मामला वडोदरा के रेसकोर्स इलाके स्थित एक ज्वेलरी शोरूम का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, महिला ग्राहक बनकर शोरूम पहुंची और गहने देखने लगी। इस दौरान उसने स्टाफ को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर कुछ महंगे गहने कथित तौर पर गायब करने की कोशिश की।

स्टाफ को हुआ शक, खुल गई पूरी पोल

शोरूम कर्मचारियों को महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब गहनों का मिलान किया गया, तो कुछ सामान कम नजर आया। इसके बाद स्टाफ ने महिला से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि सख्ती से पूछने पर महिला के मुंह से चोरी किए गए गहने बरामद हो गए।

पकड़े जाने पर मांगने लगी माफी

रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद महिला कथित तौर पर स्टाफ के सामने माफी मांगने लगी और गिड़गिड़ाने लगी। घटना के दौरान शोरूम में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

CCTV में कैद हुई पूरी घटना

यह पूरी घटना शोरूम में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में महिला की कथित हरकतें दिखाई देने की बात कही जा रही है। बाद में मीडिया के कैमरे सामने आने पर महिला अपना चेहरा छिपाती नजर आई।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को हिरासत में लिया गया। हालांकि, शोरूम मालिकों की ओर से कोई आधिकारिक शिकायत (FIR) दर्ज नहीं कराई गई, जिसके चलते पुलिस को महिला को छोड़ना पड़ा। फिलहाल, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग महिला के कथित चोरी के तरीके को लेकर हैरानी जता रहे हैं।